मुरादगंज (औरैया)। कस्बा निवासी रवि पोरवाल ने सिविल सर्विसेज परीक्षा में बाजी मारकर जनपद का नाम रोशन किया है। शुक्रवार को ई-मेल से सूचना प्राप्त होते ही फफॅूंद रोड स्थित घर पर बधाई देने वालों का तांता लग गया।
कस्बा के फफूंद रोड निवासी मुन्नालाल पोरवाल के दो बेटियां और एक बेटा है। रवि ने बताया कि 2018 में पंडित ऋषि महाराज महाविद्यालय से रसायन विज्ञान में मास्टर डिग्री हासिल करने के बाद सोनीपत जाकर सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहे थे। 4 अगस्त को आए सिविल सर्विसेज के परिणाम में उनको वेटिंग में डाल दिया गया था। जबकि शुक्रवार को ई-मेल में उन्हें केंद्र शासित प्रदेश पांडुचेरी के लिए चयनित कर लिया गया।
जैसे कस्बा वासियों को इस बात का पता चला तो मुन्नालाल पोरवाल के घर पहुंचकर बेटे की सफलता पर बधाइयां दीं। मुन्नालाल की कस्बे में रेडीमेड की दुकान है। इसी से वह परिवार का भरण पोषण भी करते हैं। रवि ने बताया कि उसने पढ़ाई जारी रखने के लिए सोनीपत में एक केमिकल कंपनी में पार्ट टाइम जॉब भी की है। उसने पिछले साल भी यूपीएससी की परीक्षा दी थी। तब भी उन्हें वेटिंग में रखा गया था। पर इस साल किस्मत ने उनका साथ दे दिया। रवि की इस उपलब्धि पर सुवीर कुमार त्रिपाठी, सुरेंद्र बाबू दुबे, मुन्ना खां, सुशील दुबे, सतेंद्र प्रधान सेंगनपुट्ठा, कल्लू सिंह आदि ने बधाई दी है।