औरैया। सड़क दुर्घटना में होने वाली मौत के आंकड़े को कम करने के उद्देश्य से परिवहन विभाग ने सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर गोपाल इंटर कालेज में भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया। जिसमें जिले के 22 विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। परिवहन विभाग द्वारा विजेताओं को पुरस्कार में प्रथम विजेता को 21000, द्वितीय विजेता को 11000 व तृतीय विजेता को 7000 रुपये के चेक से पुरस्कृत किया।
सड़क दुर्घटनाओं में वर्ष 2020 तक कमी लाने लिए संभागीय परिवहन विभाग की ओर से सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा विषय पर भाषण प्रतियोगिता कराई गई। यह प्रतियोगिता दो वर्गो जूूनियर व सीनियर वर्ग में हुई। इसमें सीनियर वर्ग में जिले के महाविद्यालयों से 20 प्रतिभागियों ने भाग लिया तथा जूनियर वर्ग में जिले के 25 विद्यालयों के 70 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया।
तिलक महाविद्यालय में होने वाले सीनियर वर्ग की प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल द्वारा जनता महाविद्यालय अजीतमल के प्रांजूल राजपूत, द्वितीय तिलक महाविद्यालय से स्वेता भदौरिया व तृतीय स्थान पर जनता महाविद्यालय की रचना शर्मा को विजेता चुना। जूनियर वर्ग में निर्णायक मंडल ने ज्ञान स्थली एकेडमी के घनश्याम को प्रथम, सेंट फ्रांसिस एकेडमी से मोना चतुर्वेदी को द्वितीय व गोपाल इंटर कालेज से कुमारी शैल्वी तृतीय स्थान पर विजेता घोषित किया।
एआरटीओ धनवीर यादव ने बताया कि इसमें दो वर्गो जूनियर व सीनियर वर्ग में प्रतियोगिता कराई गई है। जिसमें दोनों वर्गो को क्रमश: 21000, 11000 व 7000 रुपये का पुरस्कार दिया गया है। इनमें चुने गए प्रतिभागियों को मंडल स्तर पर प्रतियोगिता के लिए भेजा जाएगा। भाषण प्रतियोगिता में निर्णायक मंडल में एआरटीओ धनवीर यादव, पीटीओ रेहाना बानो, डीआईओएस ह्रदय नरायण त्रिपाठी, प्रभारी डीआईओएस कमलेश पांडेय, भरत गुप्ता प्रधानाचार्य गोपाल इंटर कालेज, डॉ. श्री प्रकाश यादव व डॉ. अरविंद सिंह रहे।