ककोर मुख्यालय विकास भवन सभागार में मंगलवार को किसान गोष्ठी में अचानक भूकंप का झटके से अधिकारी से लेकर किसान तक हिल उठे। भूकंप की आहट देख सभागार अफरातफरी मच गई। डीएम ने सभी को सभागार छोड़कर खुले में निकलने के निर्देश दिए। सभी लोगों ने खुले में पहुंचकर सांस ली।
विकास भवन सभागार में दोपहर 12 बजे किसान गोष्ठी व कृषक मेले का आयोजन किया गया था। डीएम माला श्रीवास्तव के पहुंचते ही गोष्ठी शुरू कर दी गई।
गोष्ठी में दो-तीन अधिकारी ही विभाग की जानकारियां देकर किसानों से समस्याएं पूछ ही पाए थे कि ठीक 12 बजकर 37 मिनट पर अचानक भूकंप का झटका लगा और सभागार में बैठे अधिकारी व कर्मचारी हिल गए।
अचानक कुर्सी व ऊपर लटके पंखे हिलते देख सभी किसान अपनी जगह पर खड़े हो गए। यहां तक की सामने डायस पर बैठी डीएम माला श्रीवास्तव, उप कृषि निदेशक डा.बनारसी यादव सहित अन्य अधिकारी भी अपनी जगह पर खड़े हो गए।
भूकंप का झटका समझते ही किसान बाहर की तरफ भागने लगे। डीएम माला श्रीवास्तव ने सभी से आराम से सभागार से बाहर निकलने के निर्देश दिए। खास बात यह रही कि किसानों के बाहर जाने के बाद ही डीएम व अन्य अधिकारी सभागार से बाहर निकले। बाहर निकलने के बाद सभी ने राहत की सांस ली।
किसानों के शांति से बाहर निकलने पर डीएम माला श्रीवास्तव ने उनका धन्यवाद ज्ञापित किया। कहा कि आपदा के समय धैर्य से काम लेने पर सदैव परेशानी आसानी से निस्तारित हो जाती है।
भूकंप के झटकों से सहमे लोग- दिबियापुर। मंगलवार दोपहर 12 बजकर 39 मिनट पर भूकंप के झटके महसूस होने से लोग अपने मकानों तथा दुकानों से निकलकर सड़क एवं खुले स्थानों पर आ गए। सभी ने सगे संबंधियों एवं परिचितों से फोन पर हालचाल पूछते नजर आए।
फिलहाल किसी जगह से नुकसान की सूचना नहीं मिली है। बताते हैं कि नहर बाजार में सभासद सुभाष यादव की दुकान की बाहरी दीवार में चटकन आई है।
ज्ञात रहे कि बीते माह दो बार भूकंप आया था। दोबारा भूकंप आने से लेाग दहशत में रहे। लोगों को अनहोनी की चिंता सताती रही है। सभी पुलिसकर्मी थाना बिल्डिंग से बाहर आ गए।
वहीं नगर पंचायत कार्यालय से कर्मचारी बाहर निकल आए। ईओ महेश चंद्र उपाध्याय का कहना है कि आज लगे भूकंप की झटके पहले दो बार आए झटकों से अधिक तीव्रता वाले महसूस हुए।