अछल्दा। थाना क्षेत्र के गांव वंशी के पास शुक्रवार को तेज रफ्तार लोडर ने सामने से आ रहे ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। इससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे में चालक समेत उस पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े लोगों ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। वहां से गंभीर हालत में दो को सैफई के लिए रेफर कर दिया गया।
गांव वंशी निवासी ई-रिक्शा चालक आकाश (25) गांव से ही सवारी लेकर अछल्दा बाजार की तरफ जा रहा था। ई-रिक्शा में वंशी गांव के ही विमला देवी (40), कमला देवी (39), सुनील कुमार (40) और गांव सलेमपुर निवासी छुन्नी देवी (50) सवार थे। जैसे ही ई-रिक्शा गांव के बाहर पहुंचा, तभी अछल्दा की तरफ से आ रही एक तेज रफ्तार लोडर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी।
इससे ई-रिक्शा पलट गया। हादसे के बाद चालक लोडर लेकर मौके से भाग गया। घायलों को एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी ले जाया गया। वहां से सुनील कुमार व कमला देवी गंभीर हालत में डॉक्टर ने प्राथमिक उपचार के बाद सैफई के लिए रेफर कर दिया। अन्य को उपचार के बाद जाने दिया गया। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि हादसे की जानकारी है। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।