फोटो-17- सीएचसी में घायल परीक्षार्थी का हालचाल लेते कोतवाल व मौजूद भीड़। संवाद
अजीतमल (औरैया)। कोतवाली क्षेत्र से निकले कानपुर-इटावा हाईवे पर कान्हा इंटरनेशनल एकेडमी के सामने मंगलवार सुबह विपरीत दिशा से आ रहे एक ई-रिक्शा और बाइक में आमने-सामने से भिड़ंत हो गई। हादसे में दो मासूम बच्चों समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों में पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा देने जा रही परीक्षार्थी व उसके पिता भी शामिल हैं। सूचना पर पहुंची पुलिस घायलों को सीएचसी ले गई। वहां छह की हालत गंभीर देख मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया गया।
कानपुर देहात के सिकंदरा थानाक्षेत्र स्थित गांव गढ़िया सुमंगढ़ा के निवासी सुरेश सिंह (48) अपनी 25 वर्षीय बेटी रिया सिंह को परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से फर्रुखाबाद जा रहे थे। रास्ते में गांव जगन्नाथपुर निवासी एक रिश्तेदारी में जाने के लिए जैसे ही उनकी बाइक हाईवे स्थित कान्हा इंटरनेशनल एकेडमी के सामने पहुंची तो वहां सामने से विपरीत दिशा में आ रहे ई-रिक्शा ने टक्कर मार दी।
रिक्शा सवार गांव मलगवां निवासी गोलू (16), रुक्मिणी देवी (47), रिंकू (29), सरिता (26), आर्यन (5) व एक ढाई वर्ष की मासूम बच्ची घायल गई। यह लोग जालौन स्थित माता मंदिर में दर्शन करने के लिए जा रहे थे। वहीं, बाइक सवार पिता-बेटी भी घायल हो गए। हादसे के समय सुरेश सिंह हेलमेट लगाए हुए थे, जिसके चलते उनके सिर में कोई गंभीर चोट नहीं आई।
सूचना पर पुलिस घायलों को एंबुलेंस की मदद से सीएचसी ले गए। वहां रिया सिंह, गोलू, रुक्मिणी देवी, रिंकू और सरिता सहित छह लोगों को गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। कोतवाल ललितेश नारायन त्रिपाठी ने बताया कि घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।