अछल्दा (औरैया)। बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक मौरंग लदे डंपर के चालक को अचानक झपकी आ गई, जिससे तेज रफ्तार डंपर अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसे में डंपर के चालक और हेल्पर बाल-बाल बच गए, उन्हें मामूली चोटें आई हैं।
यूपीडा की टीम ने दोनों को सीएचसी भेजा। वहां इलाज के बाद उन्हें जाने दिया गया। जालौन के कालपी थाना क्षेत्र के गांव सिरौला निवासी चालक सत्यकेश अपने साथी अखिलेश निवासी ग्राम बरही, कालपी के साथ डंपर लेकर निकले थे। वे हमीरपुर से मौरंग लोड कर बुंदेलखंड एक्सप्रेसवे के रास्ते सीतापुर जा रहे थे।
शनिवार तड़के जैसे ही डंपर अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव मानिकपुर के सामने एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 264 पर पहुंचा, तभी चालक सत्यकेश को अचानक झपकी आ गई। रफ्तार तेज होने के कारण डंपर पर से नियंत्रण खो गया और वह बीच सड़क पर पलट गया।
हादसे की सूचना पर यूपीडा की टीम मौके पर पहुंची। डंपर के केबिन में फंसे चालक सत्यकेश और हेल्पर अखिलेश को सुरक्षित बाहर निकाला। घायलों को इटावा के भरथना सीएचसी भेजा गया। सुबह करीब साढ़े 10 बजे यूपीडा की टीम ने हाईवे पर क्रेन की मदद से डंपर को सीधा कराया। थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि यूपीडा टीम ने घायलों को अस्पताल भेज दिया था।