हादसे में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र।
- फोटो : हादसे में जान गंवाने वाले पिता-पुत्र।
औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहे के पास सर्विस रोड पर सोमवार की दोपहर तेज रफ्तार डंपर ने मूल रूप से इटावा निवासी बाइक सवार पिता-पुत्र को कुचल दिया। हादसे में दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
दोनों किसी काम से भिंड जा रहे थे। वहीं, पैदल जा रहा वृद्ध चपेट भी डंपर की चपेट में आने से घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल से डॉक्टर ने सैफई रेफर कर दिया।
मूल रूप से इटावा जनपद के सिंडौस थाने के गांव जाजेपुर निवासी सुरेंद्र सिंह (45) अपने परिवार के साथ कानपुर के बर्रा बाईपास क्षेत्र में रहते थे। सोमवार को वह अपने पुत्र अनुज (18) के साथ बाइक से सुबह करीब 10 बजे भिंड के लिए निकले थे।
राहगीरों ने पुलिस को बताया कि जैसे ही उनकी बाइक सदर कोतवाली क्षेत्र के जालौन चौराहे के पास सर्विस रोड पर पहुंची, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें कुचल दिया। वहीं सर्विस रोड पर पैदल जा रहे एक वृद्ध को भी डंपर ने चपेट में ले लिया। उस वृद्ध की पहचान भी नहीं हुई है। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। जहां से उसे सैफई रेफर कर दिया गया।
वहीं घटना के बाद चालक डंपर लेकर भाग निकला। पुलिस ने पिता-पुत्र के क्षत-विक्षत शव सड़क से उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजे। साथ ही जेब में मिले कागज देखकर मृतकों के परिजनों को सूचना दी। परिजन सीधे पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे।
कोतवाल ललितेश त्रिपाठी ने बताया कि हादसे में बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई। डंपर व चालक की तलाश की जा रही है। इसके लिए सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।