औरैया। गोविंद नगर मोहल्ले में रविवार शाम गेट के पास नाला निर्माण की खोदाई में पानी की अंडरग्राउंड पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। यहां ठेकेदारों की लापरवाही ने अब पालिका की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
खोदे गए गड्ढों के कारण यहां स्कूल की दीवार हिल रही है। ऐसे में दो दिन मरम्मत के बाद अब जलकल कर्मियों ने भी हाथ खड़े कर दिए हैं। उधर, सुबह-शाम सप्लाई छोड़ने के दौरान पानी की बर्बादी जारी है।
रविवार की शाम नाला निर्माण के लिए गोविंद नगर में खोदाई की जा रही थी। खोदाई में पानी की पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। इस कारण से सोमवार को मोहल्ले के 100 घरों में जलापूर्ति प्रभावित हो गई। पाइप लाइनों में लीकेज के चलते सुबह-शाम हुई पानी की सप्लाई में हजारों लीटर पानी नालियों में बह गया। सोमवार को पालिका के कर्मचारी पहुंचे, लेकिन छुटपुट मरम्मत कर वापस लौट गए।
ऐसा ही मंगलवार को भी हुआ। जलकल विभाग के कर्मचारी यहां पहुंचे, लेकिन पाइप लाइन की मरम्मत करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। पूछने पर कर्मियों ने बताया कि खोदे गए गड्ढों के कारण पास के स्कूल की दीवार कमजोर हो गई है। पानी भरा होने से दीवार हिल रही है, इसमें चटकन दौड़ गई है।
ऐसे में काम के दौरान जरा भी चूक होने पर दीवार ढह सकती है। मजदूर इसमें दब सकते हैं। उधर, क्षतिग्रस्त हुई पुरानी पाइप लाइन की जगह वैकल्पिक तौर पर नई पाइप लाइन की शिफ्टिंग को लेकर जल निगम से भी अधिकारियों ने संपर्क किया है।
दो दिन बीतने के बाद भी लाइन को ठीक नहीं किया जा सका है। वहीं, पालिका प्रशासन ने ठेकेदार पर नाराजगी जताते हुए नसीहत दी है। कहा है कि सही से काम करें, लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की जाएगी।
टैंकर और पड़ोसियों से ले रहे पानी
शहर के मोहल्ला गोविंद नगर में पुरानी पाइप लाइन क्षतिग्रस्त होने की वजह से 100 घरों की जलापूर्ति प्रभावित है। ऐसे में नगर पालिका प्रशासन की ओर से टैंकर से जलापूर्ति दी जा रही है। वहीं कुछ लोग अपने पड़ोसियों से भी पानी ले रहे हैं। मोहल्ले में लगे सबमर्सिबल से भी लोग पानी ले रहे हैं।
लाइन शिफ्टिंग को लेकर अधिकारियों से कर रहे संपर्क
नाला निर्माण के दौरान की गई खोदाई से पाइप लाइन क्षतिग्रस्त हुई है। कई जगह लाइन टूट गई है। ठेकेदार को पाइप लाइन की जानकारी करते हुए काम कराना चाहिए था। अब बगल के स्कूल की दीवार भी हिल रही है। ऐसे में लाइन शिफ्टिंग को लेकर जल निगम से संपर्क किया जा रहा है। जल्द समस्या को दूर कराया जाएगा। -विपिन कुमार, जेई जलकल विभाग