औरैया। शेरगढ़ घाट यमुना नदी पुल की लोड बियरिंग क्षमता की जांच कराए जाने को लेकर पूर्व में जिलाधिकारी की ओर से जारी आदेश में बदलाव कर दिया गया है। अब साढ़े आठ फुट हाईटगेज का आदेश जारी किया गया है। इससे अब डंपर, ट्रकों के साथ ही यात्री बसों का भी निकलना प्रतिबंधित हो गया है।
अक्तूबर 2023 को पुल की मरम्मत के बाद उसे सभी प्रकार के वाहनों के आवागमन के लिए खोल दिया गया था। इसके चलते पुल पर दिन रात भारी वाहनों का लोड पड़ने लगा। इधर पुल पर अधिक भार पड़ने की जानकारी होते ही पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों ने पुल की सुरक्षा को लेकर जिलाधिकारी को वास्तुस्थिति की रिपोर्ट सौंपकर 30 टन से अधिक के वाहनों के निकलने पर रोक लगाने का आग्रह किया। जिसके बाद 30 टन से अधिक की क्षमता वाले वाहनों के आवागमन पर पूर्णतया रोक लगा दी गई।
जिलाधिकारी के आदेश पर अब यमुना नदी शेरगढ़ घाट पुल पर साढ़े आठ फुट पर हाईटगेज लगाने के निर्देश के बाद पीडब्ल्यूडी ने हाईटगेज लगवा दिए हैं। शनिवार को उधर से गुजरे किसी वाहन ने फिर से हाईटगेज में टक्कर मार दी। इससे देर शाम तक छोटे वाहनों यहां तक की श्मशान घाट तक जाने वाले वाहन के भी निकलने पर संकट खड़ा हो गया। इसको लेकर लोगों में नाराजगी देखने को मिली। लोगों ने पीडब्ल्यूडी विभाग के अधिकारियों से श्मशान घाट जाने वाले रास्ते से हाईटगेज हटाकर आगे लगवाए जाने की मांग की है। इससे की शव वाहन यमुना नदी शेरगढ़ घाट तक पहुंच सकें।
वर्जन
‘पूर्व में 30 टन बजन के वाहनों को पुल से निकलने की छूट दी गई थी। बावजूद इसके लगातार हाईटगेज को तोड़ा जाता रहा। ऐसे में अब पुल की लोड बियरिंग टेस्ट होने और रिपोर्ट आने तक जिलाधिकारी के आदेश से साढ़े आठ फुट पर हाईटगेज लगा दिया गया है। वहीं श्मशान घाट जाने वाले वाहनों की समस्या को देखते हुए हाईटगेज वहां से हटाकर थोड़ा आगे लगाया जाएगा। जिससे शव वाहन आराम से यमुना नदी तक आ जा सकें। अब पुल से केवल छोटे वाहन ही निकल सकेंगे।
- एसके तिवारी, एई, पीडब्ल्यूडी।