कोहरे के कारण धंसे ओवरब्रिज पर काम बंद कर दिया गया है। पुल से वाहन भी निकलने लगे हैं। निर्माणदायी संस्था का दावा है कि हादसे लायक स्थिति अब नहीं है। 15 को कोलकाता टीम आने पर काम शुरू होगा।
शहर के जालौन चौराहे पर स्थित ओवरब्रिज पर अक्तूबर माह में बड़ी-बड़ी दरारें हो गई थी। तब अमर उजाला ने खबर प्रकाशित की तो पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों ने निरीक्षण कर एनएचएआई को आगाह किया, मगर कोई दुरुस्त करने नहीं आया। इसके बाद पिछले दिनों अचानक ही एक लेन का हिस्सा धंसक गया।
इसके बाद एनएचएआई के अधिकारी हरकत में आए और धंसे हिस्से में वाहनों का आवागमन रोककर मरम्मतीकरण का काम किया। वहीं, सूचना देकर कोलकाता की भी टीम बुलाई जा रही है जो कि 15 नवंबर को आएगी। इटावा से कानपुर तक के ओवरब्रिज का निरीक्षण होगा। दो दिन से कोहरे के कारण काम रोक दिया गया। निर्माणदायी संस्था ओरियंटल इंफ्रास्ट्रैक्चर के प्रोजेक्ट मैनेजर एसएस दास ने बताया कि हादसे की स्थिति अब नहीं है। टीम के आते ही काम शुरू हो जाएगा।