औरैया जिले में बिधूना कोतवाली क्षेत्र के भगत सिंह चौराहा पर शुक्रवार रात को तीन युवकों ने शराब के नशे में जमकर उत्पात मचाया। जिससे चौराहे पर जाम लग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों युवकों को पकड़ कर शांतिभंग की कार्रवाई की है।
शुक्रवार रात करीब नौ बजे नगर के करीब भगत सिंह चौराहे पर शराब के नशे में तीन युवक बीच सड़क पर बाइकें खड़ी कर आपस में मारपीट करने लगे। बीच सड़क मारपीट होने की वजह से चौराहे के आसपास जाम लग गया। मारपीट देख आसपास के व्यापारी व राहगीर डर से सहम गए।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस को देख आरोपी मौके से भागने लगे। पुलिस आरोपियों को दौड़ाकर अपने साथ थाने ले गई। कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने अपने नाम शामपुर निवासी सीटू यादव, पप्पू व ऋषि बताया। तीनों आरोपियों पर शांतिभंग की कार्रवाई की गई है।