मेडिकल स्टोर पर छापामारी करते ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत
- फोटो : amar ujala beuro
जिले में मानक विहीन दवाइयों की बिक्री पर नजर रखते हुए ड्रग इंस्पेक्टर ने सोमवार को सघन निरीक्षण अभियान चलाया। इस दौरान डीआई ने दो मेडिकल स्टोर पर छापा मारकर सैंपल भरे। वहीं डीआई ने मेडिकल स्टोर संचालकों को नियम विरुद्ध दवाइयों का वितरण न करने के निर्देश दिए। कहा कि निरीक्षण में पकड़े जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सोमवार को डीएम माला श्रीवास्तव के निर्देश पर ड्रग इंस्पेक्टर सुनील रावत ने जिले के ककोर बुजुर्ग गांव में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। डीआई के निरीक्षण की जानकारी मिलते ही वहां संचालित अधिकांश मेडिकल स्टोर संचालक शटर गिराकर इधर-उधर निकल लिए। जबकि पुष्पेंद्र मेडिकल स्टोर व अशोक मेडिकल स्टोर का निरीक्षण कर ड्रग इंस्पेक्टर ने दवाईयों के सैंपल लिए।
इस दौरान डीआई ने उक्त दोनों मेडिकल स्टोरों से इक्सपेक्टोरेंट कफटोन सीरप, एम्पोक्सिन- 250 कैप्सूल, निमैक नाइस सस्पेंसन के सैंपल लिए। डीआई श्री रावत ने मेडिकल स्टोर संचालकों से नियम विरुद्ध दवाईयों की बिक्री न करने की चेतावनी दी। कहा कि निरीक्षण के दौरान लिए गए सैंपल की प्रयोगशाला से सैंपल फेल की रिपोर्ट आने पर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।