संवाद न्यूज एजेंसी
औरैया। ड्रग इंस्पेक्टर ज्योत्सना आनंद ने मंगलवार दोपहर शहर के 50 शैया जिला अस्पताल स्थित ब्लड बैंक का निरीक्षण किया। 34 बिंदुओं के मानकों पर खरी पाई गई व्यवस्थाओं के आधार पर रिपोर्ट तैयार करते हुए लखनऊ शासन को रिपोर्ट भेजी है।
पिछले कई सालों से जिले में ब्लड बैंक को लेकर सपना देखा जा रहा था। इसका साकार होना लगभग तय हो गया है। प्राथमिक चरण के तौर पर पुख्ता कदम बढ़ा दिया गया है। ड्रग इंस्पेक्टर ज्योत्सना आनंद की ओर से भेजी गई रिपोर्ट में ब्लड बैंक का लाइसेंस जारी करने को लेकर संस्तुति की गई है। अब स्टेट व सेंट्रल की टीम निरीक्षण कर इन बिंदुओं पर नजर डालेगी।
मंगलवार दोपहर ड्रग इंस्पेक्टर ब्लड बैंक पहुंचीं। मौके पर ब्लड बैंक के स्टाफ से लेकर सीएमएस डॉ. मंजू सचान मौजूद रहीं। पत्रावलियों से लेकर मानकों को बारीकी से जांचा परखा गया। मशीनों के स्थापन से लेकर अन्य बिंदु भी जांचे गए। अभी तक जिन कमियों के चलते ब्लड बैंक का लाइसेंस रुका हुआ था वह सभी पूरी पाईं गई। इसके बाद ड्रग इंस्पेक्टर ने शासन को ब्लड बैंक के लाइसेंस को लेकर संस्तुति की गई।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सुनील कुमार वर्मा ने बताया कि 34 बिंदुओं पर ब्लड बैंक की तैयारी पुख्ता पाई गई है। ड्रग इंस्पेक्टर ने रिपोर्ट बनाकर ब्लड बैंक के लाइसेंस की संस्तुति करते हुए शासन को भेजी है। अब महज स्टेट व सेंट्रल की टीमें इन बिंदुओं को देखेंगी। मई माह में ही ब्लड बैंक का संचालन शुरू हो जाने की उम्मीद है।