सुभाष चौराहे पर इस तरह बचकर निकली महिलाएं ।
- फोटो : अमर उजाला
औरैया। चिलचिलाती गर्मी में सेहत का ध्यान रखना जरुरी है। बुरी तरह से तन को झुलसा रहे मौसम में हीट स्ट्रोक आपके लिए जानलेवा साबित हो सकता है। चिकित्सकों की सलाह है कि घर से बाहर निकलने से पहले पर्याप्त मात्रा में पानी, मट्ठा, पना, जलजीरा आदि पीकर निकलें। जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। हो सेके तो पानी साथ लेकर चलें, जिससे प्यास लगने पर इधर-उधर भटकना न पड़े।
मई माह की शुरूआत में ही भीषण गर्मी व तेज धूप ने लोगों को झुलसा रही है। गुरुवार को पारा 41 के पार पहुंच गया। जबकि न्यूनतम तापमान 25.6 रहा। लोग गर्मी से बचने के लिए तरह-तरह के उपाय करते दिखे, लेकिन वह सभी नाकाफी साबित हुए।
जिला अस्पताल के डॉ. शत्रुघन सिंह के अनुसार तेज धूप और लू के थपेडे़ शरीर को झुलसा सकते हैं। इसके मेडिकल भाषा में हीट स्ट्रोक कहा जाता है। सूरज की सीधी किरणें और गर्म हवा शरीर में पानी की कमी पैदा करती हैं।
जबकि गर्मी की वजह से अधिक पसीना आने के कारण शरीर में मौजूद नमक निकल जाता है। इससे व्यक्ति को कमजोरी महसूस होने के साथ ही दर्द और उल्टी-दस्त होने लगती है। ऐसे में मरीज को शरीर में पानी की कमी पूरा करने का प्रयास करना चाहिए।
लू के थपेड़ों और चिलचिलाती गर्मी में मधुमेह, हृदयरोग और ब्लड प्रेशर के मरीज अपनी सेहत का खास ध्यान रखना चाहिए। जो मरीज नियमित दवाओं का सेवन करते है और दवा खाने के बाद घर से बाहर निकलते हैं।
धूप और गर्म हवा उन्हें नुकसान पहुंचा सकती है। इस तरह के मरीज अगर किसी काम से बाहर जाते हैं तो वह अपने साथ किसी को लेकर जाएं। उन्होंने बताया कि खुले में बिकने वाले गन्ने का रस, कटे फल आदि खाने से भी परहेज करें।
उन्होंने बताया कि हीट स्ट्रोक होने पर मरीज को ठंडी जगह पर आराम करने दें। बर्फ के टुकड़े से मरीज के गले, गर्दन और पीठ पर मालिश करें। इसके अलावा ठंडे पानी से भीगे कपड़े से उसके शरीर को पोछते रहें।