अजीतमल। नगर पंचायत में बरसात की शुरुआत होते ही जल निकासी व्यवस्था की पोल खुलने लगी है। हल्की बारिश के बाद ही कई स्थानों पर नाले उफनाकर सड़कों पर बहने लगे। हालात ये हैं कि मोहल्ला आंबेडकर नगर का आंबेडकर पार्क जलमग्न हो गया व राजीव नगर मोहल्ले में पानी भर गया।
लोगों का कहना है कि हर वर्ष बारिश के मौसम में यही स्थिति बनती है लेकिन समय रहते नालों की सफाई और जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जाती। इससे सड़कों पर कीचड़ और गंदगी फैल गई। नगर पंचायत क्षेत्र में वन विभाग कार्यालय के पास स्थित नाला हल्की बारिश के बाद ही ओवरफ्लो हो गया।
आंबेडकर पार्क व राजीव नगर के अलावा कोतवाली आवास के पास भी नाला का गंदा पानी सड़क पर भर गया। सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैलने से राहगीरों को बदबू के बीच होकर गुजरना पड़ा। कई जगह जलभराव हो गया। दुकानदारों का कहना है कि बारिश के दौरान जलभराव से ग्राहकों की आवाजाही प्रभावित होती है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बरसात शुरू होने से पहले नालों की समुचित सफाई नहीं कराई गई। नालों में जमा सिल्ट, कूड़ा और प्लास्टिक के कारण पानी का बहाव बाधित हो जाता है। स्थानीय लोगों ने नालों की सिल्ट निकलवाने और जल निकासी की व्यवस्था कराने की मांग की है।
देवराव की सड़क पर जलभराव
रुरुगंज। अछल्दा ब्लॉक की ग्राम पंचायत देवराव में जल निकासी की व्यवस्था न होने से बारिश के पानी से जलभराव की समस्या हो गई है। इस सड़क से कछपुरा-सोहनी मार्ग पर जगह-जगह गड्ढे होने से राहगीरों और वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर कई वर्षों से समस्या बनी हुई है। ग्रामीण राजेश कुमार, नीलू तिवारी, प्रदीप कुमार, राजेंद्र कुमार, हरगोविंद दोहरे व श्रीपाल ने बताया कि कई बार ग्राम प्रधान एवं ग्राम सचिव से जल निकासी व सड़क मरम्मत की मांग की गई लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द जलभराव की समस्या का समाधान कर सड़क की मरम्मत कराने की मांग की है। बीडीओ अतुल कुमार ने बताया कि इसकी जानकारी की जाएगी और जल निकासी की समस्या दूर की जाएगी।(संवाद)
फोटो-17- सड़क के गड्ढे में जलभराव के बीच निकलता राहगीर।संवाद
फोटो-17- सड़क के गड्ढे में जलभराव के बीच निकलता राहगीर।संवाद