फोटो-13- इंटर कॉलेज परिसर में भरा गंदा पानी।संवाद
अजीतमल। नगर पंचायत की लापरवाही, अधूरा नाला निर्माण व नालों की सफाई में अनियमितताओं से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अब नगर का गंदा पानी जनता इंटर कॉलेज परिसर में भर रहा है। इससे छात्र-छात्राओं व शिक्षकों के लिए समस्या खड़ी हो गई है।
अजीतमल तिराहे से जनता इंटर कॉलेज तक एक नाले का निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ था लेकिन निर्माण कार्य अभी तक अधूरा पड़ा है। नाले का निर्माण इंटर कॉलेज तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया गया। इससे कॉलेज के आगे जलनिकासी की कोई व्यवस्था नहीं हो सकी है। ऐसे में तीन महीनों से गंदा पानी कॉलेज परिसर में जमा हो रहा है। परिसर में गंदा पानी भरे रहने से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ गया है। विद्यालय प्रशासन द्वारा नगर पंचायत को दो बार लिखित शिकायत भी की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई है।
प्रधानाचार्य कृष्ण मोहन उपाध्याय ने बताया कि नगर का गंदा पानी परिसर में भरा है। इससे साइकिल स्टैंड दूसरी जगह बनाना पड़ा है और छात्रों को समस्या हो रही है। ईओ प्रदीप कुमार ने बताया कि सर्वे कराया गया है। नाला निर्माण भी हो रहा है लेकिन तब तक कच्चा नाला खोदकर पानी की निकासी की व्यवस्था कराई जाएगी।