फोटो-08-नाला अधूरा होने के कारण गली में भरा पानी। संवाद
- आंबेडकर नगर और जवाहर नगर में जलभराव से बढ़ी परेशानी, दुर्गंध व मच्छरों का प्रकोप
संवाद न्यूज एजेंसी
बिधूना। नौ दिन चले अढ़ाई कोस। यही हाल बिधूना-अछल्दा मार्ग पर नाला निर्माण का है। नाला न बनने से आंबेडकर नगर और जवाहर नगर बस्ती के लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। नाले का निर्माण पूरा न होने से घरों का गंदा पानी गलियों और प्लाटों में पानी भरने लगा है। जलभराव के कारण दुर्गंध के साथ मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है।
बताया गया कि बिधूना-अछल्दा मार्ग पर जयनरेश के मकान से भगत सिंह चौराहे तक करीब 37 खंडों में लगभग एक करोड़ 50 लाख रुपये की लागत से नाला निर्माण स्वीकृत हुआ था लेकिन दो साल बीतने के बाद भी कार्य पूरा नहीं हो सका है। फिलहाल नाले का निर्माण दुर्गा मंदिर के पीछे रामभारत की दुकान तक ही हो पाया है।
नाला ऊंचा होने और कई स्थानों पर पुलिया न बनने के कारण आसपास की गलियों का पानी नाले में नहीं जा पा रहा है। गांधी स्कूल वाले मार्ग पर स्थिति अधिक खराब है, जहां घरों से निकलने वाला पानी मकानों के आसपास और गलियों में जमा हो रहा है। खाली प्लाटों में जलभराव से गंदगी और मच्छरों की समस्या बढ़ रही है।
फोटो-06-जीतू चौहान
अधूरा नाला किस काम का
नाला तो बनाया गया है, लेकिन अधूरा होने के कारण इसका कोई लाभ नहीं मिल रहा है। नाला गंदे पानी से भरा है और पीछे की गलियां नीची होने के कारण घरों का पानी नाले तक नहीं पहुंच पा रहा है। इससे मोहल्ले में गंदगी फैल रही है और दुर्गंध के चलते लोगों का रहना मुश्किल हो रहा है। - जीतू चौहान
फोटो-07-बबलू परमार
बढ़ रहा मच्छरों का प्रकोप
मकान के आसपास पानी जमा होने से भवन को नुकसान पहुंचने का डर बना हुआ है। लगातार जलभराव से मच्छरों का प्रकोप भी बढ़ रहा है। कई जगह पुलिया नहीं बनी हैं और नालियों का पानी मुख्य नाले तक नहीं पहुंच पा रहा है। इस समस्या को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष से संपर्क कर शिकायत भी की गई, लेकिन अभी तक समाधान नहीं हुआ। - बबलू परमार
वर्जन -
गांधी स्कूल वाली सड़क पर नाला सीवरेज व जल निकासी योजना के तहत प्रस्ताव है। नाले के लिए जैसे ही शासन से पैसा आएगा, निर्माण कराया जाएगा, इससे पीछे से पानी सीधे बड़े नाले में आ सके और जल निकासी व्यवस्था सही हो सके।- आदर्श कुमार मिश्रा, अध्यक्ष, नगर पंचायत बिधूना