डिजिटल एक्सरे मशीन को आपरेट करते डीआरए यतेंद्र निगम।
- फोटो : संवाद
औरैया। अछल्दा सीएचसी में शुक्रवार को डार्क रूम असिस्टेंट (डीआरए) की तैनाती सुनिश्चित होते ही दो साल बाद एक्सरे की सुविधा बहाल की गई। हड्डी टूटने से लेकर चेस्ट के मरीजों का उपचार अब सीएचसी अछल्दा में मिल सकेगा।
अमर उजाला में 17 दिसंबर 2024 के अंक में अछल्दा सीएचसी में एक्सरे सुविधा बंद होने की समस्या को प्रमुखता से उठाया गया। इसके बाद स्वास्थ्य महकमा हरकत में आया है। तैनाती के आदेश के बाद शुक्रवार को डीआरए यतेंद्र निगम ने सीएचसी में कार्य संभाला।
धूल फांक रही एक्सरे मशीन को ऑपरेट किया। इस दौरान कुछ मरीजों के एक्सरे भी किए गए। अछल्दा सीएचसी के दायरे में 50 ग्राम पंचायतें आती हैं। यहां रोजाना 100-150 मरीज आते हैं।
एक्सरे की सुविधा न होने की वजह से तमाम तरह की स्वास्थ्य सेवाएं बेपटरी चल रही थीं। अब एक्सरे की सुविधा शुरू हो जाने के बाद इन मरीजों को दूसरी सीएचसी व जिला अस्पतालों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
हालांकि शुक्रवार को हुए एक्सरे में जरूरी फिल्म का अभाव देखने को मिला। अधीक्षक ने इस समस्या को लेकर एक्सरे फिल्म की डिमांड भेजी है।