फोटो-25-चिचौली मेडिकल पहुंची कुत्ता काटने से घायल हुई वृद्धा। संवाद
अछल्दा। पारा चढ़ने के साथ ही कुत्ते आक्रामक हो रहे हैं। सोमवार को चार गांवों के पांच लोगों पर कुत्तों ने हमला करते हुए बुरी तरह से जख्मी कर दिया। एक घायल को सीएचसी में उपचार के बाद चिचौली रेफर करना पड़ गया।
अछल्दा थाना क्षेत्र के तेहराजपुर, मिश्रीपुर, नगला कहारन और नौनिकपुर नगला ताल गांवों में पांच लोगों पर कुत्तों ने हमला कर दिया। घटना के बाद ग्रामीणों ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल नगला ताल गांव निवासी श्याम कुंवर (68) को चिचौली रेफर किया गया।
अन्य घायलों में गांव तेहराजपुर निवासी रामकिशोर (65), मीना देवी (55) पत्नी राकेश कुमार, गांव नौनिकपुर निवासी वीरेंद्र सिंह (70) और नगला कहारन निवासी कृष्ण कांति (60) शामिल रहीं। सभी का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में किया गया।
घटना के बाद ग्रामीणों में भय का माहौल बना हुआ है। ग्रामीणों का कहना है कि हमला करने वाले लकड़बग्घे भी हो सकते हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि आसपास खड़ी मक्का की फसल में जानवर छिपे हो सकते हैं।
ग्रामीणों ने प्रशासन व वन विभाग से मामले की जांच कर जल्द कार्रवाई करने व गांवों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है। सीएचसी अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार ने बताया कि सभी घायलों को एंटी रेबीज वैक्सीन लगाई गई है। सभी का उपचार किया गया है।