बिधूना। सीएचसी बेला में डॉक्टर व स्टाफ की तैनाती से प्रसव कराने की सुविधा शुरू हो गई। शनिवार को एक प्रसूता का डॉक्टर की देखरेख में सामान्य प्रसव कराया गया। अब क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को प्रसव के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।
सीएचसी में डॉक्टर व स्टाफ की तैनाती न होने से प्रसव कराने की सुविधा नहीं थी। क्षेत्र की गर्भवती महिलाओं को 17 किमी. दूर बिधूना सीएचसी पर जाना पड़ता था। इसे लेकर अमर उजाला ने कई बार खबर प्रकाशित की थी। इन खबरों का स्वास्थ्य विभाग ने संज्ञान लेकर स्टाफ व डॉक्टर की नियुक्त कर दी।
शनिवार को बेला बस्ती निवासी गर्भवती महिला अनीता देवी को प्रसव पीड़ा होने पर सुबह 9ः30 बजे बेला अस्पताल ले जाया गया। जहां 10 बजकर छह मिनट पर महिला डॉक्टर स्वास्तिका, नर्स आराधना व हेमवती ने प्रसूता की सामान्य डिलीवरी कराई।
अधीक्षक डॉ. जितेंद्र ने बताया कि सीएचसी पर प्रसव व्यवस्था शुरू कर दी गई है। शनिवार को एक प्रसूता का प्रसव कराया गया है। महिला और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं।