चौपाल में शिकायत सुनते डीएम जेपी सगर व अन्य
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शीतकालीन भ्रमण कार्यक्रम के तहत डीएम ने बिधूना तहसील के ग्राम पंचायत मऊ के राजस्व गांव कछपुरा में चौपाल लगाकर विकास कार्यों की हकीकत को परखा। खलिहान की जमीन को कब्जा मुक्त न कराने पर लेखपाल को निलंबित कर दिया। वहीं, अपनी जगह दूसरे सफाई कराने पर सफाई कर्मी को भी निलंबित कर दिया। लाल पीली टी शर्ट पहनकर आने पर जेई आरईएस को अनुशासनहीनता पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की।
चौपाल में डीएम जेपी सगर ने 13वें वित्त के अंतर्गत कराए गए कार्यों का सत्यापन व अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं के कार्यों का सत्यापन किया। उन्होंने कृषि आवास के पट्टों के सत्यापन, ग्राम सभा कृषि भूमि आवंटन, पौधरोपण, भूमि आवंटन, ग्राम सभा असामी खातेदारों/ पट्टे, ग्राम सभा आवास स्थल भूमि आवंटन आदि रजिस्टर का निरीक्षण किया।
प्रधानमंत्री आवास योजना के बारे में बताया गया कि 78 नामों की सूची में नौ व्यक्तियों को आवास आवंटित किया गया है। ग्रामीणों ने शिकायत की कि कई इस योजना में कई अपात्रों को आवास आवंटित किए गए हैं। मौके पर ही तहसीलदार द्वारा इसकी जांच करवाई। मगर जांच में कमी नहीं मिली। इस बीच लाल पीली टी शर्ट पहनकर आरईएस के जेई केके यादव पहुंचे तो डीएम ने ग्रामीणों से पूछा कि ये जेई लगते हैं तो सब हंसने लगे। डीएम ने जेई को अनुशासनहीनता पर प्रतिकूल प्रविष्टि जारी की। ग्रामीणों ने बताया की गांव की सफाई के लिए नियुक्त किए गए सफाई कर्मी विपिन कुमार कई दिनों से गांव में नहीं आ रहे हैं उनके स्थान पर तीन हजार मासिक वेतन पर वीर पाल नाम का व्यक्ति गांव की सफाई कर रहा है।
डीएम ने एडीओ पंचायत नरसिंह नारायण को सफाई कर्मी का गलत सत्यापन कर वेतन निर्गत करने पर प्रतिकूल प्रविष्टि दी तथा सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया। डीएम ने लेखपाल दिवारी लाल को खलिहान पर अवैध कब्जा कर बनाए गए मकानों पर कोई कार्रवाई न किए जाने पर तत्काल निलंबन के आदेश दिए। इस मौके पर विधायक विनय शाक्य, उप जिलाधिकारी रामजीवन, खंड विकास अधिकारी तहसीलदार, जिला विकास अधिकारी, पीडी डीआरडीए व अन्य सभी संबंधित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।