औरैया। जिलाधिकारी डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देशन में संभावित बाढ़ को देखते हुए कलक्ट्रेट स्थित मानस सभागार में मंगलवार को बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में डीएम नेबाढ़ से निपटने के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए।
सीडीओ व एडीएम ने पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिए कि की भूसा व चारा के लिए अभी से सभी व्यवस्थाएं कर लें। उन्होंने चिकित्सा विभाग को निर्देशित किया कि सभी स्वास्थ्य टीम निर्धारित कर लें इससे उन्हें ग्रामवार भेजा जा सके। उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए की बाढ़ के दौरान आवागमन के रास्तों को बेहतर रखा जाए।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को बाढ़ प्रभावित गांवों के विद्यालय से संबंधित अध्यापकों आदि के मोबाइल नंबर के साथ-साथ पीड़ितों को रोके जाने के लिए अन्य व्यवस्थाएं भी सुनिश्चित की जाएं। जिला पूर्ति अधिकारी को राशन व पानी के कैंपर आदि की व्यवस्था करने को कहा। विद्युत आपूर्ति के लिए अधिशासी अभियंता विद्युत को खतरा देखते हुए विद्युत आपूर्ति बंद करने व आवश्यकता अनुरूप विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि नाव, नाविक व गोताखोरों के मोबाइल नंबर आदि की सूची बनाकर रखें। जिससे बाढ़ की स्थिति में उनकी मदद ली जा सके। बैठक में डिप्टी कलेक्टर अमित कुमार त्रिपाठी, उप जिलाधिकारी सदर राकेश कुमार, उप जिलाधिकारी अजीतमल राम अवतार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।