औरैया। जिला बार एसोसिएशन की नवगठित कार्यकारिणी का शपथ ग्रहण समारोह शनिवार को जिला कोर्ट परिसर में संपन्न हुआ। इसमें जनपद न्यायाधीश ग्रीश कुमार वैश्य ने अध्यक्ष संजीव चतुर्वेदी व महामंत्री शैलेश कुमार चतुर्वेदी उर्फ पप्पल के नेतृत्व में गठित कार्यकारिणी को शपथ दिलाई।
इस अवसर पर जिला जज ने कहा कि शासन से बजट स्वीकृत होते ही ककोर जिला मुख्यालय पर नए जिला न्यायलय भवन की स्थापना के लिए शिलान्यास का कार्यक्रम जल्द कराया जाएगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी से पहले की तरह बार बेंच से सामंजस्य रखते हुए देश व समाज के उत्थान के लिए वकीलों का आवाहन किया।
अपर जिला जज सुनील कुमार सिंह ने वर्तमान कचहरी परिसर के विकास कार्य की जानकारी देते हुए भविष्य की कार्ययोजना प्रस्तुत की। अपर जिला जज पाॅक्सो अधिनियम मनराज सिंह व मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट जीवक कुमार सिंह ने नई कार्यकारिणी को बधाई दी। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव स्वाती चंद्रा ने लोक अदालत की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।
इसके पहले न्यायिक अधिकारी विकास गोस्वामी, सैफ अहमद, अतीक उद्दीन, निधि सिसौदिया, दिवाकर कुमार, प्रवीण सिंह, शालिनी त्यागी, निशा अली का भी वकीलों ने माल्यार्पण व प्रतीक चिन्ह देकर सम्मानित किया। दिबियापुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक प्रदीप यादव एडवोकेट, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता ने नई कमेटी को बधाई देते हुए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया।
अधिवक्ता शिवम शर्मा, ओमकार पांडेय, सोनू चतुर्वेदी, कुलदीप शुक्ला ने 50 किलो की फूल-माला पहनाकर अध्यक्षता कर रहे एल्डर्स कमेटी के अध्यक्ष ह्दयनारायण पांडेय, जिला जज, अध्यक्ष व महामंत्री का स्वागत किया। समारोह का संचालन वरिष्ठ अधिवक्ता महावीर शर्मा ने किया। निर्वतमान अध्यक्ष सुनील कुमार दुबे व महामंत्री अरुण त्रिवेदी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया।
इस अवसर पर नई कार्यकारिणी के संजय कुमार श्रीवास्तव, उपेंद्र कुमार शुक्ला, नितिन अवस्थी, मो.अकरम, प्रदुम्न कृष्ण तिवारी, भानु प्रकाश पाठक आदि ने सभी अतिथियों का स्वागत किया।