प्रमुख सचिव के कानपुर दौरे में शामिल होने जा रहे दक्षिणांचल विद्युत वितरण खंड के एमडी ने औरैया बिजली घर का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन गांवों का विद्युतीकरण होने के बाद गांव के लोगों ने कनेक्शन नहीं लिए हैं, उस गांव की बिजली बंद कर दी जाए। साथ ही बिजली चोरी रोकने के लिए सख्ती करें।
गुरुवार को औचक निरीक्षण में औरैया बिजली घर पहुंचे एमडी प्रभु नारायण सिंह ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने बिजली चोरी रोकने को हर संभव कदम उठाने के निर्देश दिए। साथ ही राजस्व बढ़ाने के लिए बकाया वसूली पर जोर दिया।
श्री सिंह ने एक्सईएन पंकज शर्मा को निर्देश दिया कि वह जल्द से जल्द ऐसे गांवों को चिंहित कर उनकी बिजली आपूर्ति कटवा दें जिन गांवों में एक भी कनेक्शन नहीं हैं। साथ ही वहां के सभी ट्रांसफार्मर उठवा लिए जाएं। यदि किसी गांव में ट्यूबवेल आदि का एक भी कनेक्शन है तो उसके लिए प्राइवेट लाइन इस्टीमेट तैयार कर उसका भुगतान जमा कराकर लाइन चालू की जाए।
बैठक में अधीक्षण अभियंता धनीराम मौर्य ने बताया कि ग्रामीणांचलों के लिए सरकार की ओर से शत-प्रतिशत अधिभार में छूट दी जा रही है। यह योजना 10 जनवरी तक है। उन्होंने ग्रामीणांचलों के लोगों से इसका ज्यादा से ज्यादा लाभ उठाने की अपील की है।
जिले में लो वोल्टेज की समस्या से परेशान है लेकिन इसका एक मात्र विकल्प 132 केवी विद्युत उप संस्थान देवकली ही है। जब तक यह सब स्टेशन नहीं बनता तब तक जिले की लो वोल्टेज हल नहीं होगी।
एमडी के आने की खबर लगते ही विद्युत अधिकारियों ने आनन-फानन बिजली घर पर साफ-सफाई कराई गई तथा जर्जर सड़क पर मिट्टी डालकर उसे ठीक कराया गया। बैठक में एसडीओ गजेंद्र सिंह, जेई विवेक खरे, जेई सतेंद्र कुमार के साथ ही मीटर रीडर इंचार्ज हिमांशु मौजूद रहे।