दिबियापुर। मेरा सर्वेश्वर मेरा खाटू वाला श्याम ट्रस्ट एवं स्थानीय भक्तों के सहयोग से चल रहे पंचम श्री गणेश महोत्सव में शुक्रवार रात भगवान शंकर के विभिन्न रूपों की झांकियों को देखने भक्तजन देर रात पांडाल में जमे रहे। इससे पहले हुई आरती में खासी संख्या में भक्तजनों ने हिस्सा लिया।
बेला रोड स्थित मंडी समिति गेट पर चल रहे पंचम श्री गणेश महोत्सव में प्रतिदिन शाम के समय होने वाली आरती के बाद रात नौ बजे सजीव झांकियां आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। शुक्रवार रात यहां भगवान भोले शंकर के विभिन्न रूपों की सजीव झांकियां देखने को भक्तजन उमड़ते रहे। देर रात तक भक्तजनों ने भगवान भोलेनाथ की सजीव झांकियों के दर्शन किए। यहां भोलेनाथ के गण के रूप में भूत प्रेतों को देखकर बच्चे रोमांचित दिखे। भगवान भोलेनाथ की माता पार्वती के साथ नृत्य एवं भगवान भोलेनाथ के रौद्र रूप की झांकी आकर्षण का केंद्र रही। इधर, दिबियापुर के दुर्गा टाकीज गली में उमाकांत सराफ के आवासीय परिसर में चल रहे श्री गणेश महोत्सव में सुबह शाम होने वाली आरती में भक्तजन उमड़ रहे हैं। गेल गांव में चल रहे गणेश महोत्सव में भी आस्थावान बढ़ चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं।