दिबियापुर। उमरी स्थित गायत्री शक्तिपीठ पर चल रहे पार्थिव शिवलिंग निर्माण (रुद्राभिषेक) में तीसरे दिन ही सवा लाख शिवलिंग बन गए। आस्थावानों के उत्साह के चलते अब निर्धारित तिथि 26 अगस्त तक पांच लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंग निर्माण किए जाने का लक्ष्य रखा है। नगर में पहली बार हो रहे आयोजन में आस्थावानों का खासा उत्साह बना हुआ है।
पार्थिव शिवलिंग निर्माण कार्यक्रम के संयोजक श्रीराम कृष्ण ज्योतिष परामर्श केंद्र के आचार्य राघवेंद्र शुक्ला ने बताया कि 16 अगस्त से पार्थिव शिवलिंग निर्माण (रुद्राभिषेक) का कार्यक्रम शुरू हुआ था। 26 अगस्त तक 11 दिन चलने वाले रुद्राभिषेक कार्यक्रम में सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का लक्ष्य रखा गया था। श्रृद्धालुओं ने उत्साह दिखाते हुए तीन दिन में ही सवा लाख पार्थिव शिवलिंग निर्माण का लक्ष्य पूरा कर लिया।
विज्ञापन
शनिवार की शाम तक एक लाख 80 हजार पार्थिव शिवलिंग निर्माण एवं पूजन कार्यक्रम संपन्न हुआ। बताया कि निर्धारित लक्ष्य पूरा होने के बावजूद पार्थिव शिवलिंग निर्माण का आयोजन 26 अगस्त तक चलेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि 26 अगस्त तक पांच लाख से अधिक पार्थिव शिवलिंग निर्माण कर पूजन कर लिया जाएगा।
पार्थिव शिवलिंग का निर्माण का कार्य ललिता मां संस्कृत महाविद्यालय जबलपुर से आए आचार्य धर्मेंद्र त्रिपाठी के साथ वरिष्ठ शिष्य अभिषेक शर्मा और उनकी टीम करा रही है। वहीं वाराणसी हिंदू विश्वविद्यालय के आचार्य सृजन पांडेय के साथ पांच आचार्य, तुलसी तपोवन आश्रम वृंदावन से श्रेयश शुक्ला और लक्ष्य शुक्ला, अरियारी के आचार्य उत्तम दुबे, औरैया संस्कृत विद्यालय से आचार्य विपुल दुबे एवं आचार्य ओमजी दुबे की टीम पूजन कार्यक्रम संपन्न करा रही है।