औरैया। जिले की धार्मिक विरासत के तौर पर पहचान रखने वाले देवकली मंदिर के सौंदर्यीकरण का रास्ता साफ हो गया है। यही नहीं ककोर मुख्यालय स्थित तिरंगा मैदान को सुंदर पार्क में बदलने की भी तैयारी शुरू हो गई है।
पर्यटन विभाग की ओर से शासन को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। बजट भी जारी कर दिया गया है। अगले माह से काम शुरू हो जाएगा।
शहर से पांच किमी दूर यमुना नदी किनारे बीहड़ से सटे देवकली मंदिर को भव्य बनाया जाना है। इसके लिए कई बार मांग भी उठ चुकी है। यहां पर पर्यटन विभाग ने पिछले साल लखनऊ की आर्कीटेक्ट टीम से सर्वे कराया था। जिसमें देवकली मंदिर परिसर में पार्क, श्रद्धालुओं के रुकने के लिए विश्रामालय, लाइटें, दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों की छांव समेत कई कामों का रोडमैप बनाया था।
खास बात यह है कि मंदिर में टूट-फूट की मरम्मत के साथ राजस्थानी पत्थरों की नक्कासी भी की जानी है। आर्कीटेक्ट टीम की सर्वे रिपोर्ट के बाद पर्यटन विभाग ने प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था। इस प्रस्ताव के तहत शासन से एक करोड़ रुपये की स्वीकृति मिल गई है। वहीं ककोर मुख्यालय के बदहाल पड़े तिरंगा मैदान पर भी नजर डाली थी।
यहां पर मुख्यालय की शोभा बढ़ाने के लिए बाउंड्रीवॉल और हरी घास समेत फल-फूल वाले पौधे लगाने की रिपोर्ट बनी थी। भेजे गए प्रस्ताव के तहत तिरंगा मैदान को संवारने के लिए 49 लाख का बजट मिला है। अगल माह से देवकली मंदिर व तिरंगा मैदान में काम शुरू हो जाने की तैयारी विभाग ने बनाई है। इसे लेकर कार्यदायी संस्था से संवाद भी शुरू किया गया है।
देवकली मंदिर व तिरंगा मैदान को संवारने के लिए शासन को भेजे गए प्रस्ताव को मंजूरी मिल गई है। देवकली मंदिर के लिए एक करोड़ तो तिरंगा मैदान के लिए 49 लाख रुपये मिले हैं। जल्द ही दोनों जगह काम शुरू कराए जाएंगे।
-मोहित सिंह, जिला पर्यटन अधिकारी औरैया