अजीतमल (औरैया)। ग्राम सेऊपुर और जैनपुर में सीएचसी अजीतमल की देखरेख में सीएचसी अजीतमल एवं जिला स्तरीय टीमों ने मरीजों का परीक्षण किया। दवा का वितरण कराया। गांव में पर्चे बटवाकर ग्रामीणों को जागरूक करने का कार्य किया गया। परीक्षण के लिए सैफई भेजी गईं स्लाइडों को भीड़ होने के चलते लेने से मना कर दिया गया।
गांव सेंऊपुर में सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल की देखरेख सीएचसी के डॉ. सोमदत्त की टीम एवं जिला स्तरीय टीम ने गांव में बुखार से पीड़ित 11 मरीजों का परीक्षण किया एवं छह की स्लाइड बनाई। गांव में दो दिन पहले बनाई गई स्लाइडों में डेंगू के लक्षण होने की पुष्टि के लिए 12 स्लाइडों को मिनी पीजीआई सैफई भेजा गया था, लेकिन सैफई में मरीजों की भीड़ अधिक होने के चलते वहां पर स्लाइडें लेने से मना कर दिया गया। अब उन्हें कानपुर मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है। डॉक्टरों की टीम ने गांव में ग्रामीणों को जागरूक करने के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा प्राप्त पर्चों का वितरण कराया गया।
इसमें डेंगू बुखार के लक्षण बताए गए हैं। सावधानी और बचाव में मच्छरों से बचें। घर आस-पास सफाई रखें, पुराने टायरों, बर्तनों तथा प्रयोग में न आने वाली वस्तुओ को हटा दे, ताकी उनमें पानी जमा न हो सके, पानी के बर्तनों को ढककर रखें। बुखार आने पर खूब पानी पिएं आदि जानकारियां मौजूद है। ग्राम जैनपुर में पहुंची स्वास्थ्य टीम ने 45 मरीजों का परीक्षण किया। जो साधारण बुखार एवं अन्य बीमारियों के रहे। सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल ने बताया कि गॉव में धीरे धीरे मरीजों की संख्या कम हो रही है। बताया कि दो दिन पहले डेंगू बुखार के परीक्षण के लिए भेजी गईं 12 स्लाइडों को सैफई में लेने से मना कर दिया गया है जिनको अब कानपुर के मेडिकल कालेज भेजा जा रहा है।