देश के सबसे बड़े व्यापम घोटाले पर आम आदमी पार्टी ने भाजपा के खिलाफ मुहिम छेड़ दी है। वहीं इस मामले में अभी तक हुई मौतों पर प्रधानमंत्री की चुप्पी पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
इस संबंध में शनिवार को आम आदमी पार्टी के पदाधिकारियों ने शहीद पार्क पर प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को ज्ञापन भेजकर व्यापम घोटाले की जांच में लापरवाही बरत रहे मुख्यमंत्री व गृहमंत्री को बर्खास्त करने की मांग की है।
ज्ञापन में आम आदमी पार्टी कार्यकर्ताओं ने कहा कि व्यापम घोटाले के खूनी खेल में अब तक 40 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी हैं। बावजूद इसके प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी चुप्पी साधे हुए हैं। यह एक शर्मनाक बात है।
वहीं मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान पर निशाना साधते हुए कहा कि उन्होंने नियमों में फेरबदल कर जांच को प्रभावित करने का काम किया है। मामले में मुख्यमंत्री की भूमिका संदेहास्पद बनी हुई है।
संवैधानिक पदों पर आसीन लोगों को बचाने के चक्कर में खामियों से जुड़े इस घोटाले में कोप का भाजन वह युवा व उनके अभिभावक हो रहे हैं, जो रिश्वत के बूते परीक्षा में चयनित हुए हैं या फिर वह लोग जो अपनी योग्यता के बलबूते चयन के वास्तविक हकदार थे और चयनित नहीं हो पाए।
प्रदर्शन में किशन सिंह, आमोद सेंगर, उपेंद्र सिंह चंदेल, रामनरेश यादव, अमित गुप्ता, सतेंद्र, सूरज सपेरा, राजीव कुमार, दिनेश चंद्र आदि शामिल रहे।