औरैया। पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक और उनके पुत्र डॉ. तिलक राज पाठक के विरुद्ध दर्ज किए गए मामलों के विरोध में सोमवार को सर्वसमाज की बैठक हुई।
वहीं, मंगलवार को बैठक में शामिल रहे लोगों के प्रतिनिधिमंडल ने कलक्ट्रेट पहुंचकर एडीएम व सीओ को ज्ञापन सौंपे। उन्होंने दोनों के खिलाफ दर्ज मामले वापस लेने की मांग की।
सोमवार को सर्वसमाज की पक्का तालाब स्थित राधा कृष्ण मंदिर परिसर में बैठक हुई थी। इसमें पूर्व ब्लॉक प्रमुख विश्वनाथ सिंह सेंगर की अध्यक्षता में वक्ताओं ने कहा कि इस प्रकार के फर्जी मामले एक परिवार के साथ अन्याय हैं। वक्ताओं ने शासन-प्रशासन से इन्हें तत्काल समाप्त करने की मांग की। इसके बाद बैठक में हुए निर्णय के बाद मंगलवार को एक प्रतिनिधि मंडल ने डीएम व एसपी को संबोधित ज्ञापन एडीएम अविनाश चंद्र मौर्या एवं सीओ अशोक कुमार सिंह को सौंपा।
प्रतिनिधि मंडल ने एएसपी आलोक मिश्रा से भेंट भी कर अपना पक्ष रखा। ज्ञापन में कहा गया है कि कमलेश पाठक लगभग छह वर्षों से आगरा सेंट्रल जेल में निरुद्ध हैं।
वहीं, उनके पुत्र डॉ. तिलक राज पाठक के विरुद्ध दर्ज मामला तथ्यहीन, दुर्भावनापूर्ण एवं विद्वेष से प्रेरित प्रतीत होते हैं। यदि एक सप्ताह के भीतर प्रशासन निष्पक्ष जांच कर इन फर्जी मामलों को समाप्त नहीं करता है तो सर्वसमाज को शांतिपूर्ण अनशन व बाजार बंदी की घोषणा करने के लिए विवश होना पड़ेगा।
बैठक व प्रतिनिधि मंडल में पूर्व जिलाध्यक्ष भाजपा श्रीकांत पाठक, पूर्व ब्लॉक प्रमुख विश्वनाथ सिंह सेंगर, भाजपा नेता विनोद दुबे, सुधीर पुरवार, सपा नेता पल्लवी पाल, पूरन पांडेय, राजकुमार सक्सेना, राजनारायण मिश्रा, दिनेश दुबे, छुन्ना मिश्रा, कृपाल जी शुक्ला, नवनीत पाठक, हरिओम यादव, चंद्रनील शुक्ला,सुदामा पाठक, पप्पू यादव, पंकज तिवारी व लल्ला मिश्रा सहित कई सर्व समाज के लोग उपस्थित रहे।