अटसू (औरैया)। इटावा के बकेवर थाने के अहेरीपुर में शनिवार को औरैया के एक किशोर की पूल में डूबने से मौत हो गई थी। पोस्टमार्टम के बाद रविवार शाम को परिजन शव अजीतमल थाने के सबलपुर ले गए।
उन्होंने पूल संचालक के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज न होने तक अंतिम संस्कार न करने की चेतावनी बकेवर पुलिस को दी। इस पर पुलिस ने किशोर के पिता व कुछ परिजनों को थाने बुलाकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने किशोर का अंतिम संस्कार कर दिया।
परिजन रविवार शाम को गोपाल सिंह (14) का शव लेकर सबलपुर पहुंचे थे। बेटे का शव देख पिता केशव सिंह, बहन भावना, भाई रघुनंदन बेहाल हो गए। पिता ने बताया कि वह गुजरात में प्राइवेट नौकरी करते हैं। बेटा गोपाल कक्षा नौ का छात्र था। वह शनिवार को घर से अहेरीपुर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।
इसी बीच सोशल मीडिया पर बेटे का शव इटावा की बकेवर सीएचसी में रखा होने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंचकर देखा तो बेटे के शरीर पर चोट के निशान थे। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटे के साथ अहेरीपुर में संचालित अवैध स्विमिंग पूल के संचालक ने पहले मारपीट की। इसके बाद उसको पानी में डुबोकर मार ड़ाला।
इस मामले में पोस्टमार्टम होने के बाद भी पूल संचालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज न होने से नाराज परिजन शव गांव ले गए। इसके बाद उन्होंने पुलिस को चेतावनी दी कि जब तक रिपोर्ट दर्ज नहीं की जाएगी, तब तक बेटे का अंतिम संस्कार नहीं करेंगे। इस पर पुलिस हरकत में आई।
इटावा पुलिस ने किशोर के पिता व कुछ परिजनों को थाने बुलाया कर कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद परिजनों ने बेटे का अंतिम संस्कार कर दिया।