बिधूना (औरैया)। बिधूना प्रीमियर लीग में फाइनल मुकाबला गुरुवार को रॉका क्लब मथुरा और मैनपुरी क्रिकेट क्लब के बीच खेला गया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैनपुरी ने मथुरा टीम के सामने 181 रनों का लक्ष्य रखा। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मथुरा ने 19.2 ओवरों 184 रन बनाकर जीत दर्ज की।
राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले का शुभारंभ कन्नौज सांसद सुब्रत पाठक ने किया। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी मैनपुरी की टीम ने निर्धारित 20 ओवरों में नौ विकेट के नुकसान पर 180 रन बनाए। इसमें बल्लेबाज आदर्श सिंह ने 21 गेदों में 42 रन, विनायक कुमार ने 17 गेदों में 24 रन व सुधंशू चैरसिया ने 16 गेदों में 20 रनों का सहयोग किया। वहीं, मथुरा के गेंदबाज कुलदीप पाल चार और अमित दो विकेट लेने में सफल रहे। लक्ष्य का पीछा करने उतरी मथुरा की टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही।
ओपनिंग बल्लेबाज अमन मिश्रा बिना खाता खोले वापस पवेलियन लौट गए। सात रनों के स्कोर पर दो खिलाड़ियों के पवेलियन लौट जाने के बाद बल्लेबाजी करने उतरे साद खान ने एक छोर को संभाला और 58 गेदों में 94 रनों की शानदार पारी खेली। दूसरे छोर पर अंकुर ने 24 गेदों में 32 रन, जीशान ने 20 गेदों में 30 रनों का सहयोग किया। अंतिम ओवर की दूसरी गेंद पर साद खान ने चौका मारकर मथुरा टीम को जीत दिलाई।
साद को मैन ऑफ द मैच, प्रतियोगिता का श्रेष्ठ बल्लेबाज विनायक, गेंदबाज अमन कुमार, क्षेत्ररक्षण का खिताब समन्य दीक्षित को दिया गया। कन्नौज सांसद सुब्रत पाठक ने विजेता व उपविजेता टीम को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया। इस दौरान सांसद प्रतिनिधि रिया शाक्य, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल दोहरे, भाजयुमो जिलाध्यक्ष मोनू सेंगर आदि मौजूद रहे।