अजीतमल (औरैया)। अजीतमल ब्लाक प्रमुख कमलेश कुमार उर्फ पप्पी गौतम की कुर्सी शनिवार को अविश्वास प्रस्ताव मतदान में खिसक गई। अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में 40 मत पड़े। इस दौरान भाजपाइयों ने जश्न मनाया।
अजीतमल ब्लाक प्रमुख कमलेश कुमार के खिलाफ 19 जुलाई को 42 बीडीसी सदस्यों ने जिलाधिकारी को अविश्वास प्रस्ताव का ज्ञापन दिया था। इस पर शनिवार मतदान का समय तय किया गया था। एसडीएम राजेंद्र कुमार की मौजूदगी में चर्चा और अविश्वास प्रस्ताव पर मतदान कराया गया। सुबह दस बजे से ब्लाक प्रमुख कमलेश कुमार तीन बीडीसी सदस्यों के ब्लाक पहुंचे। दोपहर 12: 20 बजे से वोटिंग शुरू हुई। एसडीएम राजेंद्र कुमार ने बताया कि ब्लाक के 75 बीडीसी सदस्यों में 45 वोटिंग में हिस्सा लिए। इसमें 40 ने अविश्वास प्रस्ताव के समर्थन में वोटिंग की, जबकि एक बीडीसी सदस्य ने अविश्वास प्रस्ताव के विरोध में वोट डाला। चार बीडीसी सदस्यों ने मतदान में हिस्सा नहीं लिया। ब्लाक प्रमुख के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पास होने के संबंध में जिलाधिकारी के माध्यम से शासन को रिपोर्ट भेजी जा रही है।