रात के अंधेरे में मजूदरी कर घर लौट रहा मजदूर टूटे पड़े बिजली के तार की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौत हो गई। परिजनों और ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। मामले की सूचना पर पहुंची पुलिस ने आक्रोशित लोगों को समझाते हुए मामले को शांत कराया।
थाना क्षेत्र के गांव रामपुर बोडेपुर निवासी शंकर पुत्र किशन लाल कस्बे में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता है। मंगलवार रात वह नेविलगंज से मजदूरी कर पैदल घर आ रहा था। तभी गांव के रास्ते पर टूटे पड़े बिजली के तार में उसका पैर लग गया। तार में करंट होने के चलते वह चिपक कर झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने आनन-फानन में सूचना करके आपूर्ति बंद कराई। मौके पर सैकड़ों ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। परिजन उसे तत्काल नजदीक के अस्पताल ले गए।
इससे पूर्व शंकर ने दम तोड़ दिया। इससे उसके परिवार में कोहराम मच गया। ग्रामीणों और परिजनों ने विद्युत अधिकारियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंची थाना पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए शव को कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक मजदूर की पत्नी सिलोचना देवी ने थाने में हादसे की सूचना दर्ज कराई।