मृतक के बेटे को कंबल व आर्थिक सहायता देते तहसीलदार अजीत कुमार।
- फोटो : अमर उजाला
पूस की रात में तिरपाल के नीचे रहने को मजबूर वृद्ध की सोमवार की रात सर्दी लगने से मौत हो गई। सूचना पर तहसीलदार मौके पर पहुंचे। परिवार की आर्थिक हालत खराब देख उन्होंने मृतक के बेटे को 2100 रुपये की मदद के साथ कंबल दिए। मृतक के पुत्र ने लोहिया आवास के लिए आवेदन किया था। आवास का आवंटन नहीं किया गया था।
गांव पुर्वा रावत सहार निवासी अब्दुल मजीद(75) मजदूरी कर जीवन यापन करते थे। इनके पास एक पक्का कमरा था। इसमें शादी के बाद लड़के रहने लगे। मजीद चार लड़कों व दो पुत्रियों के साथ तिरपाल डालकर रह रहे थे। सभी लड़के मजदूरी करते हैं। सोमवार को कड़ाके की सर्दी से बचने के लिए अलाव का इंतजाम किया था। रात को अब्दुल मजीद को सर्दी लग गई। सुबह बेटों ने उठाया तो मौत हो चुकी थी। बेटों ने बताया कि उन्होंने नवंबर माह में लोहिया आवास के लिए आवेदन किया था। आवेदन स्वीकृत नहीं हुआ।
सूचना पर तहसीलदार बिधूना अजीत कुमार सिंह मौके पर पहुंचे। परिवार की हालत खराब देख मृतक के बेटों को एक -एक कंबल दिया। साथ ही 2100 रुपये की आर्थिक सहायता दी।