सहायल। थाना क्षेत्र के बेल्हूपुर के मजरे मडै़या में मंगलवार को युवक का शव मिला था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर पर चोट लगने से मौत होना पाया गया है। परिजनों के बयानों पर पुलिस की दो टीमें मृतक के दोस्त की तलाश में जुटी है।
मडै़या निवासी सोनू (42) का शव मंगलवार को खून से लथपथ मिला था। पुलिस की पूछताछ में बेटे छोटे लल्ला ने बताया कि सोमवार की शाम को पिता के सल्हूपुर निवासी दोस्त ने उन्हें शराब पिलाई थी।
इसके बाद पिता से उसका व भाई-बहनों के साथ झगड़ा हुआ था। झगड़े के दौरान भी उनका दोस्त घर पर मौजूद था। रात में पिता उसके साथ चले गए थे। सुबह उनका खून से लथपथ शव घर के बाहर मिला।
परिजनों व मोहल्लावासियों के बयान के आधार पर दोस्त की तलाश को एसपी ने दो टीमें गठित की। परिजनों ने अभी तक घटना के संबंध में कोई तहरीर नहीं दी है।
थानाध्यक्ष पंकज मिश्रा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण सिर पर गहरी चोट लगना पाया गया है। पुलिस पूरे मामले में गहराई तक छानबीन कर रही है।