अछल्दा। ब्लाक क्षेत्र की ग्राम पंचायत पुर्वा भदौरिया बंशी में तीन महीनों से सफाई कर्मी नहीं आ रहा है। ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से शिकायत भी की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
नाराज ग्रामीणों ने खुद सफाई करनी शुरू कर दी है।
पुर्वा भदौरिया बंशी ग्राम पंचायत में चारों ओर गंदगी फैली है। गांव की गलियां कीचड़ व गंदगी से बजबजा रहीं हैं। बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है।
गांव निवासी रामशंकर, चरन सिंह, वीरेंद्र, प्रहलाद, सुरेंद्र कुमार, नरेंद्र सिंह, महेश, नीरज व रवि कुमार ने हाथों में झाड़ूू व फावड़ा लेकर गांव की नालियों व सार्वजनिक स्थानों पर लगे कूड़े के ढेरों की सफाई की।
बीडीओ अछल्दा सतीश कुमार पांडेय ने बताया है कि ग्रामीणों की ओर से कोई लिखित शिकायती पत्र नहीं दिया गया है। सफाई कर्मी के गांव न पहुंचने के मामले में पंचायत सचिव से जांच करवाई जाएगी। दोषी मिलने पर सफाई कर्मी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।