बिहार निवासी के रूप में हुई शिनाख्त, ट्रेन से गिरने की आशंका
संवाद न्यूज एजेंसी
दिबियापुर। फफूंद और पाता रेलवे स्टेशनों के बीच दिल्ली हावड़ा अप रेलवे ट्रैक पर एक युवक का शव मिला। युवक की पहचान बिहार निवासी युवक के रूप में हुई है। पुलिस ने किसी ट्रेन से गिरने की आशंका जताई है।
सोमवार देर रात केंझरी फाटक के पास अप रेल ट्रैक पर एक युवक का शव मिलने की सूचना थाना पुलिस को मिली। सूचना पर हरचंदपुर चौकी इंचार्ज सुरेंद्र कुमार मौके पर पहुंचे और मृतक के कपड़ों की तलाशी ली। कपड़ों से मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त बिहार के बक्सर में गांव सिकरौर थाना सिकरौल निवासी साजन ठाकुर (32) पुत्र विजय ठाकुर के रूप में हुई। पुलिस ने उसके पास मिले नंबरों से संपर्क कर परिजनों को सूचना दी।
माना जा रहा है कि मृतक किसी ट्रेन से होली पर अपने घर जा रहा होगा। इसी दौरान किसी तरह वह ट्रैक पर गिर गया। प्रभारी थाना निरीक्षक भोला प्रसाद ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दी गई है।उनके आने तक शव को पोस्टमार्टम हाउस में रखवा दिया गया है।