मुरादगंज (औरैया)। क्षेत्र के पूठा गांव निवासी एक युवक का बुधवार रात संदिग्ध परिस्थिति में गांव के बाहर स्थित बरात घर के पास पेड़ से फंदे पर शव लटका मिला। युवक के ससुरालीजनों ने हत्या का आरोप लगाकर उसके परिजनों की ही पिटाई कर दी।
अजीतमल कोतवाली क्षेत्र के पूठा निवासी दीपक कुमार (25) गांव में ही रहकर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी शादी करीब पांच वर्ष पूर्व इटावा जिले के चकरनगर चौबिया नगर गांव निवासी मनीषा से हुई थी। मृतक की एक तीन वर्ष की पुत्री अवि है।
बुधवार रात जब दीपक पर घर नहीं पहुंचा तो उसके पिता अरविंद उसे ढूंढने निकले। रात करीब दो बजे दीपक उन्हें गांव के बाहर स्थित बरात घर के पास दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटकता मिला। घटना की जानकारी मिलने पर दीपक के ससुराली भी मौके पर पहुंच गए। इस बीच किसी विवाद के चलते उन्होंने अरविंद के परिवार पर ही पुत्र की हत्या किए जाने का आरोप लगाकर मारपीट शुरू कर दी।
इस संबंध में थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार सिंह ने बताया कि कोई तहरीर नहीं दी गई है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर वास्तविकता का पता चल सकेगा।