अजीतमल। कोतवाली क्षेत्र के हाईवे पर मधुबन ढाबा के पास औरैया की ओर आ रही डीसीएम के सामने अचानक से गलत दिशा की ओर से एक ट्रैक्टर सामने आ गया। जिससे दोनों में भिड़ंत हो गई। इस घटना में डीसीएम का चालक केबिन में फंस गया। चालक को केबिन में फंसा देख राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। किसी तरह उसे बाहर निकाला गया। जहां पुलिस ने चालक को घायलावस्था में इलाज के लिए सीएचसी अजीतमल में भर्ती कराया।
हरियाणा प्रांत के फतेहाबाद जनपद के गांव दौलतपुर निवासी चालक प्रताप सिंह पुत्र मोहनलाल अपने हेल्पर महेल सिंह निवासी फतियाबाद भटिंडा के साथ डीसीएम में पंजाब से प्लास्टिक दाना की खेप लेकर कानपुर जा रहे थे। मंगलवार शाम जैसे ही डीसीएम अजीतमल कोतवाली क्षेत्र स्थित मधुबन ढाबा के पास पहुंची, तभी गलत दिशा से तेज गति से आ रहे ट्रैक्टर से भिड़ंत हो गई। टक्कर डीसीएम चालक की तरफ केबिन का हिस्सा बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। जिससे चालक भी केबिन में फंस गया। पुलिस ने घायल चालक प्रताप सिंह को एंबुलेंस से सीएचसी में भर्ती कराया। वहीं क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क के किनारे कराया गया।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि डीसीएम और ट्रैक्टर की भिड़ंत हुई है। घायल डीसीएम चालक को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से किनारे करा दिया गया है।