हाइवे रोड तिलक नगर के पीछे स्थित लकड़ी की दुकान में दबंगाें ने पुरानी रंजिश के चलते आग लगा दी। साथ ही दुकानदार को जान से मारने की नीयत से फायरिंग की।
मोहल्ला तिलक नगर निवासी आसिफ की हाइवे किनारे फर्नीचर की दुकान है। रविवार दोपहर वह दुकान पर काम कर रहा था। तभी मोहल्ले के आधा दर्जन दबंग हथियारों से लैस होकर दुकान पर चढ़ आए और पुरानी रंजिश के चलते गालीगलौज करने लगे।
आसिफ ने विरोध किया तो दबंगों ने मारपीट शुरू कर दी और जान से मारने की नियत से फायरिंग की।
गोली की आवाज सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हो गए। भीड़ आते देख दबंग दुकान में आग लगा भाग जाने में सफल रहे। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया।
दुकानदार ने लोगाें की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग पर काबू नहीं पा सके। सूचना पर पहुंची फायर बिग्रेड कर्मियों ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक दुकान का काफी सामान जलकर खाक हो चुका था।
पीड़ित दुकानदार ने बताया कि प्लाट के विवाद को लेकर दबंगों ने घटना को अंजाम दिया है। आग लगने से उसकी दुकान का 70 हजार रुपये का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने कोतवाली में शिकायती पत्र दिया है और पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।