दिबियापुर (औरैया)।
रेलवे स्टेशन फफूंद के पास रेल ट्रैक किनारे मिले शव के मामले में मृतक के पिता ने पुत्रवधू एवं ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि उनका बेटा कल ही दिल्ली से लौटा था और ससुराल गया था। इसके बाद उसके बेटे का शव दिबियापुर में मिला। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सहायल क्षेत्र के गांव मुगरिहा निवासी ओमप्रकाश पुत्र श्रीराम ने आरोप लगाया कि उनका लगभग 24 वर्षीय पुत्र कमल दिल्ली में काम करता था। कमल की शादी अक्तूबर 2020 में कानपुर देहात क्षेत्र में रसूलाबाद के गांव मलगांव निवासी युवती के साथ हुई थी। पुत्रवधू अक्सर अपने मायके चली जाती थी। कमल पांच अक्तूबर को सुबह 10 बजे घर आया था और मलगांव जाने की बात कहकर निकला था।
गुरुवार शाम दिबियापुर थाने से सूचना मिली कि उसके पुत्र का शव दिबियापुर में फफूंद रेलवे स्टेशन के पास रेल ट्रैक किनारे मिला है। आरोप लगाया कि पुत्रवधू और उसके मायके के लोगों ने मारपीट करके हत्या कर दी। हत्या के कारणों के बारे में बताया कि मृतक बेटे के ससुरालीजन, उसकी पुत्रवधू की शादी दूसरी जगह करने की फिराक में थे। इसी के चलते पुत्र की हत्या कर दी। दिबियापुर थाना प्रभारी निरीक्षक रामसहाय पटेल ने बताया मामले की जांच की जाएगी।