अटसू कस्बा में शुक्रवार को बिजली विभाग की 11 सदस्यीय टीम बकाये को लेकर विच्छेदन की कार्रवाई करने पहुंची। इसी दौरान उपभोक्ता व टीम के बीच नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों की ओर से एक दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप लगाते हुए कोतवाली में तहरीर दी गई है।
बिजली विभाग के उपखंड अधिकारी अजय कुमार यादव ने बताया कि उपभोक्ता पर 23611 रुपये का बिजली बिल बकाया था। बकाया जमा न करने को लेकर शुक्रवार को 11 सदस्यीय टीम विच्छेदन की कार्रवाई करने पहुंची थी। वहीं महिला बिजली उपभोक्ता की ओर से बिजली कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए।
पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया गया कि बिजली कर्मी जबरन घर में घुस आए। बिल जमा करने की बात कहने के बावजूद जाति सूचक गाली-गलौज करते हुए बिजली कर्मियों ने मोटर तोड़ दिया। सामाजिक सम्मान को क्षति पहुंचाई गई। कोतवाल ललित कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से मिली तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।