दिबियापुर (औरैया)। स्वच्छ भारत मिशन को सफल बनाने को आम जनता के जुड़ाव एवं छात्र-छात्राओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए अंतर स्कूल वाल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें नगर के 6 विद्यालयों के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने एक से एक पेंटिंग बनाई। बेहतरीन पेटिंग बनाने वाली टीम एवं बच्चों को मूल्यांकन के बाद सम्मानित किया जाएगा।
शुक्रवार को नगर पंचायत दिबियापुर के छह स्कूलों के बीच अंतर स्कूलीय वॉल पेंटिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में वैदिक इंटर कालेज, इंदिरा गांधी स्कूल, सरस्वती विद्या मंदिर, सेंट साईंनाथ, मदर इंडिया, मां गायत्री जूनियर हाईस्कूल के लगभग 250 छात्र-छात्राओं ने हिस्सा लिया। दिबियापुर थाने की बाउंड्रीवाल, नगर पंचायत कार्यालय की बाउंड्रीवाल, ओवरब्रिज की वाल, पानी की टंकी की बाउंड्रीवाल पर पेंटिंग में बच्चों ने विभिन्न सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित किया।
जिला समन्वयक अधिकारी स्वच्छ भारत मिशन सुकमीत यादव ने बताया कि पेंट, ब्रश आदि स्वच्छ भारत मिशन के तहत नगर पंचायत कार्यालय द्वारा मुहैया कराया गया। एसडीएम औरैया के नेतृत्व में सभी वाल पेंटिंग का मूल्यांकन किया जाएगा। अच्छी वाल पेंटिंग बनाने वाले विद्यालय के बच्चों को सम्मानित एवं पुरस्कृत किया जाएगा। था। इस दौरान ईओ मोनिका उमराव, दीपक कुमार आदि मौजूद रहे।