फेसबुक पर हुआ प्यार एक महिला के लिए मुसीबत का सबब बन गया। पहले तो महिला दो बच्चों को छोड़कर फेस बुक पर बने दोस्त के साथ रफू चक्कर हो गई। अब महिला ने अपने पति को सूचना दी कि उसका प्रेमी उसे बंधक बनाए हुए है। पीड़ित की तहरीर पर दिबियापुर थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
दिबियापुर थाने पहुंचे जनपद कन्नौज के लाख गांव निवासी एक युवक के अनुसार वह दिल्ली मे प्राइवेट नौकरी करता है। उसकी पत्नी दिबियापुर में अपने माता पिता के पास अपने दो बच्चों के साथ रह रही थी। आरोप लगाया कि उसकी पत्नी कुछ समय से आगरा के रोहन मथुरिया नाम के युवक से फेस बुक पर जुड़ी थी। 5 अगस्त की शाम उसकी पत्नी बाजार जाने की बात कहकर घर से गायब हो गई। काफी खोजबीन के बावजूद उसकी पत्नी का कोई सुराग नहीं लगा। उसे शक था कि वह रोहन के साथ ही कहीं भाग गई है।
24 अगस्त को उसकी पत्नी का एक अंजान नंबर से फोन आया कि उसे रोहन नाम का युवक एक मकान के तीसरी मंजिल पर बंद किए है। रोहन ने उसका मोबाइल भी तोड़ दिंया है। उसके साथ बहुत बुरा बर्ताव कर रहा है। उसकी पत्नी ने बताया कि जब वह बाहर जाता है। तो बाहर से कमरे में ताला डाल देता है। अभी रोहन फोन चार्ज पर लगाकर कुछ सामान लेने गया है। इस बीच मौका पाकर मैने आपका फोन लगा दिया। रोहन मुझे मार देगा, मुझे बचा लो और अचानक फोन कट गया। जिसके बाद दोबारा बात नहीं हो सकी। प्रभारी निरीक्षक आदित्य प्रकाश यादव का कहना है कि गायब महिला का सुराग लगाने का प्रयास किया जा रहा है।