अमर उजाला ब्यूरो
औरैया। रिजर्व बैंक के चेस्ट से करोड़ों की करेंसी लेकर कैश वैन कानपुर जा रही थी। कैश वैन की सुरक्षा में तीन अन्य कारें भी थीं। नेशनल हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम मिहौली के पास एक कार का टायर जाम हो गया। चालक टायर बदलने लगा तभी एक ट्रक ने कार में टक्कर मार दी। पास खड़े दो सिपाही सहित तीन लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल से कानपुर रेफर कर दिया। बाद में भारी फोर्स के साथ कैश वैन को कानपुर के लिए रवाना कर दिया गया।
नोएडा से गुरुवार की तड़के सुबह लगभग 3:30 बजे रिजर्व बैंक की कैश वैन करोड़ों की करेंसी लेकर जा रही थी। कोतवाली के ग्राम मिहौली के पास कैश वैन के साथ चल रही सुरक्षा कार का एक पहिया जाम हो गया। इसके वैन के साथ चल रहीं तीनों कार हाईवे पर ही खड़ी हो गईं। कारों में सवार सुरक्षा कर्मी बाहर निकलकर करेंसी लदी कार के चारों तरफ तैनात हो गए। जबकि चालक टायर खोलने लगा। इसी बीच इटावा की तरफ से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने कैश वैन के पीछे खड़ी कार में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि तीनों कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं। पास खड़े सिपाही साहिबाबाद निवासी समीम सैफी (31) पुत्र रहीसुद्दीन, सिकंदराबाद बुलंदशहर निवासी सिपाही सुधीर कुमार (32) पुत्र धर्मपाल और कार चालक वसीम (26) पुत्र शौकीन निवासी घंटाघर कानपुर चोटहिल हो गए। उधर, तत्काल घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दी गई। बाद मेें पुलिस लाइन से फोर्स भेजकर कैश वैन को रवाना किया गया। प्रभारी कोतवाल राम निवास ने बताया कि उच्चाधिकारियों के निर्देश के बाद पुलिस लाइन से फोर्स भेज गई। बताया कि दो सिपाहियों व एक कार चालक मामूली रूप से चोटहिल हुए थे।