बाइक शोरूम में चोरी के बाद बिखरा पड़ा सामान
बीती रात सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैतापुर में अज्ञात चोरों ने अलग-अलग चोरी की तीन घटनाओं में नकदी सहित लाखों के आभूषण पार कर दिए। घटना के समय गृहस्वामी परिवार सहित घर की ऊपरी इमारत में सो रहे थे। पीड़ित लोगों ने मामला दर्ज कराने को कोतवाली में तहरीर दी है।
सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जैतापुर निवासी हरिशंकर दुबे पुत्र श्रीकृष्ण दुबे बीती रात अपने घर में ऊपर की इमारत में सो रहे थे। देर रात अज्ञात चोर घर के मुख्य गेट का सरिया काटकर कुंडी उचकाकर घर में घुस गए। इस दौरान चोरों ने घर की अलमारी में रखे 8-10 हजार रूपये नकद, सोने की जंजीर, झुमकी, मंगलसूत्र, दो जोड़ी तोड़ियां, तीन सोने की अंगूठी आदि लगभग डेढ़ लाख रूपये का माल पार कर दिया। इसके बाद चोर पास में ही आदित्य कुमार दीक्षित पुत्र उदयनारायण दीक्षित के घर में पीछे खाली पड़े प्लाट से छत पर चढ़कर घर में घुस गए।
वहां से भी चोरों ने दस हजार रूपये नकदी व तीन सोने की अंगूठी पार कर दी। इसके अलावा इसी घर से सटे उनके भाई दिलीप कुमार दीक्षित के सूने मकान में भी घुसकर वहां से भी माल पार कर दिया। घटना के दौरान गृहस्वामी परिवार सहित बाहर गए हुए थे। इसलिए कितना नुकसान हुआ है इसकी जानकारी नहीं हो सकी। चोरी की जानकारी सुबह तब हुई जब पड़ोस में रह रहे भाई ने आकर अपने घर के अलावा भाई के घर में बिखरा सामान देखा। पीड़ितों की ओर से कोतवाली पुलिस को घटना की तहरीर दे दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।