मृतक के घर के बाहर गमगीन बैठे परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
शनिवार की सुबह कस्बे में बीआरसी के सामने बने नाले में युवक का शव मिला। लोगों ने मृतक के परिजनों को सूचना दी। परिजन रोते-बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने पुलिस के सामने हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
ऐरवाकुइली निवासी ललई बाथम(40) पुत्र बहादुर बाथम मजदूरी करता था। वह पास के ही तालाब में सिंघाड़ा की बेल डाले था। वह रात को सिंघाड़ाें की रखवाली करने जाता था। शुक्रवार की शाम को वह सिंघाड़ों की रखवाली करने गया था। सुबह ललई बाथम का शव एरवाकटरा के निकट बीआरसी के सामने नाले में मिला। ग्रामीणों ने शव देखा तो सनसनी मच गई। कुछ ग्रामीणों ने शव मिलने की सूचना ललई के परिजनों को दी। सूचना पर परिजन रोते बिलखते मौके पर पहुंचे। परिजनों ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है। वहीं पुलिस ने नाले में फिसलकर मौत होने की आशंका जताई है। मृतक के मां-बाप नहीं हैं। उसका विवाह भी नहीं हुआ था। वह भाइयों के साथ एक झोपड़ी में रहकर जीवन यापन करता था। थानाध्यक्ष शिवकुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।