खेत जुताई के रुपयों को लेकर हुए विवाद में एक युवक ने ग्रामीण को गोली मार दी। गोली उसके पैर में जा लगी। गांव के लोग दौड़े तो आरोपी भाग निकला। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया। जहां से उसे गंभीर हालत में रेफर कर दिया गया। थाना क्षेत्र के गांव गौतला निवासी सहदेव पुत्र राजाराम ने गांव के ही कप्तान सिंह के ट्रैक्टर से अपने खेत की जुताई करवाई थी। इसका दस हजार रुपया सहदेव सिंह पर बकाया था। कप्तान सिंह ने कई बार रुपयों की मांग की मगर रुपये नहीं मिले। इसको लेकर कई बार दोनों में कहासुनी भी हुई।
सहदेव सिंह के खेत की फिर से जुताई होनी थी। सहदेव सिंह ने इस बार किसी अन्य ट्रैक्टर से जुताई करा ली। इस पर कप्तान सिंह उलाहना लेकर सहदेव के यहां पहुंचा और बकाया मांगने लगा। दोनों के बीच फिर कहासुनी हुई तो मामला मारपीट तक पहुंच गया। लेकिन गांव वालों ने बीच बचाव कर मामले को निपटा दिया।
सोमवार सुबह सहदेव जब खेत में गया था तो वहां कप्तान से फिर विवाद हुआ। इस पर कप्तान ने अपने साथियोें के साथ मिलकर सहदेव की मारपीट कर दी। मौके पर पहुंची पत्नी आदेश को भी मारा पीटा। विवाद के बाद कप्तान सिंह ने गोली चला दी जो कि सहदेव के पैर में जा लगी। गोली चलते ही आरोपी मौके से भाग निकले।
गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने घायल सहदेव को अस्पताल में भर्ती कराया। जहां हालत गंभीर होने पर उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया है कि घायल के भाई रामसिंह द्वारा तहरीर दी गई है। जल्द आरोपी की गिरफ्तारी कर कार्रवाई की जाएगी।