केमरी में रामपुर रोड पर सोमवार को विधायक संजय कपूर की मौजूदगी में पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन करते भाकियू भानु कार्यकर्ता।
बिधूना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम रूरूखुर्द में जमीन के विवाद को लेकर गांव के दबंगों ने एक युवक के घर पर जमकर पथराव किया। इसमें लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं दबंगों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैला दी। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने बताया कि दोनों के बीच समझौता हो गया है। किसी भी पक्ष ने कोई तहरीर नहीं दी है।
ग्राम रूरूखुर्द निवासी रामकेश दिवाकर अपने घर में नया दरवाजा लगवा रहा था। इसी बीच गांव के ही कुछ दबंग उसके घर पहुंच गए। उन्होंने दरवाजा न लगाने का दबाव बनाया। इस पर रामकेश ने उक्त जगह को अपनी बताते हुए दरवाजा लगवाने लगा। इसी बात को लेकर विपक्षी गाली गलौज करने लगे। कुछ ही देर में दूसरे पक्ष के कई लोग आ गए। दोनों पक्षों के लोग लाठी डंडे, पत्थर व धारदार हथियार लेकर आ गए। उनके बीच मारपीट शुरू हो गई। इस बीच दबंगों ने रामकेश के घर पर भी पथराव किया।
मारपीट के चलते दोनों पक्षों के लगभग एक दर्जन लोग घायल हो गए। वहीं दहशत फैलाने के लिए दबंगों की ओर से हवाई फायरिंग भी कर दी गई। सूचना पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने आठ लोगाें को हिरासत में ले लिया। वहीं दूसरे पक्ष का कहना था कि झगड़े की शुरूआत रामकेश ने की है। मामले में कोतवाल विक्रमाजीत सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों ने कोतवाली के बाहर समझौता कर लिया। इसके चलते किसी भी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। वहीं उन्होंने यह भी कहा कि मामले की जांच की जाएगी जो भी हकीकत सामने आएगी उसी आधार पर कार्रवाई भी की जाएगी।